भदोही। प्रदेश के विद्युत कारपोरेशन के निजीकरण के विरोध में बुधवार को विभाग के अवर अभियंताओं ने सिविल लाइन स्थित विभाग कार्यालय पर दोपहर तीन से पांच बजे तक कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान धरना देकर नारेबाजी भी की और अधिशासी अभियंता राम कुमार को ज्ञापन सौंपा।
संगठन के जिलाध्यक्ष दीपक दूबे ने बताया कि निजीकरण के विरोध में राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर धरना दिया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन के वरिष्ठ नेता निजीकरण के विरोध में लगातार प्रदेश सरकार से संपर्क बनाए हुए हैं। लेकिन, सरकार नहीं सुन रही है। अब संगठन के लोगों ने निर्णय लिया है कि लंबित मांगे पूरी होने तक क्रमबद्ध आंदोलन जारी रखेंगे। बताया कि अवर अभियंता से प्रोन्नत अभियंताओं का तृतीय एनसीपी का आदेश जारी होने के बाद भी 7 महीने से वेतन निर्गत नहीं किया गया है। लोगों ने दो घंटे के दौरान प्रदर्शन में जमके नारेबाजी की। प्रदर्शन करने वालों में हरिशंकर कुशवाहा, सुनील कुमार, अभिषेक प्रजापति, शैलेंद्र कुमार मौर्य, ज्योति प्रकाश, विनोद यादव, सुजीत कुमार पटेल, प्रमोद चौहान, माधव द्विवेदी, राजकुमार सिंह, संजय सिंह आदि रहे।