सर्राेई बाजार के भरत मिलाप में निकला लाग विमान। स्रोत आयोजक
सर्रोई। बाजार का प्रसिद्ध भरत मिलाप शनिवार की रात में धूमधाम से मनाया गया। आधी रात के बाद राम और भरत का मिलन होते ही पूरा बाजार जय श्रीराम के जयकारे से गूंज उठा। छतों से महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर अयोध्या के राजकुमारों का स्वागत किया। दोनों भाइयों का मिलन देख लोगों की आंखें नम हो गईं। भरत मिलाप को लेकर शनिवार को सुबह से ही बाजार में चहल-पहल बढ़ गई। शाम होते ही दुकानों से लेकर कार्यक्रम स्थलों पर झिलमिट लाइटें लोगों को आकर्षित करने लगीं। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के अयोध्या लौटने और भरत से मिलन के भावनात्मक दृश्य ने श्रद्धालुओं की आंखें नम कर दीं। मेले में विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा जब मुख्य बाजार से होकर गुजरी तो लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। समिति की तरफ से झांकियों, मंचन, साज-सज्जा और आयोजन में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार सत्यम मिश्री ज्ञानपुर, द्वितीय पुरस्कार लक्ष्मण शक्ति मंच पिपरी रोड को दिया गया, जबकि तृतीय पुरस्कार हनुमान सेवा समिति गोपीगंज को मिला। इस मौके पर जितेंद्र पांडेय, बृजेश सरोज, राजेश सरोज, अतुल उपाध्याय उर्फ बंटू, डाॅ. राहुल उपाध्याय, प्रखर, राजेश पांडेय, अभिषेक यादव, मुकेश मौर्य आदि रहे।