ज्ञानपुर के परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देकर बाहर जाते होमगार्ड अभ्यर्थी। संवाद
ज्ञानपुर। जिले में होमगार्ड भर्ती परीक्षा दूसरे दिन रविवार को भी छह केंद्रों पर दोनों पालियों में हुई। पहली पाली में 76.04 फीसदी और दूसरी पाली में 73.56 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। 1258 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। कठिन एवं जटिल सवालों को लेकर अभ्यर्थियों का दर्द भी छलका। उनका कहना था कि आईएएस और पीसीएस जैसे कठिन सवाल होमगार्ड परीक्षा में दिए गए थे, जो ठीक नहीं है।
रविवार को भी काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थी पहुंचने लगे। सुबह नौ बजे से जांच के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। कक्ष निरीक्षकों के साथ सभी की बायोमेट्रिक जांच की गई। पहली पाली में सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली में दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक परीक्षा चली। पहली पाली में 2496 में से 1898 में अभ्यर्थी उपस्थित और 598 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 2496 अभ्यर्थियों में से 1836 उपस्थित और 660 अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और एसपी अभिनव त्यागी ने भदोही के नेशनल इंटर कॉलेज समेत अन्य केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
डीएम ने कहा कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि दोनों पाली में परीक्षा शांतिपूर्वक तरीके से हुई। सोमवार को भी छह केंद्र पर परीक्षा होगी।