- विकास कार्यों की जानी प्रगति, विकसित भारत जी राम जी के पोस्टर का विमोचन
संवाद न्यूज एजेंसी ज्ञानपुर। जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर की अध्यक्षता में हुई। इसमें हाईवे के अवैध कट बंद होने का मुद्दा छाया रहा। प्रधानमंत्री आवास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा समेत अन्य कार्याें की प्रगति जानी गई। जनप्रतिनिधियों ने विकसित भारत जी राम जी के पोस्टर का विमोचन किया। विधायक ने आठ अगस्त 2025 को हुई बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी ली। इस दौरान नेशनल हाईवे पर कट बंद होने से पेट्रोल पंप संचालकों की बिक्री और जिले के राजस्व कम होने के प्रकरण एवं राईस मिलरों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास में पात्रों का ही चयन करें, अमृत सरोवरों की सफाई पर जोर दिया। ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे ने वित्तीय वर्ष 2023, 2024, 2025 में बने शवदाह गृह की अद्यतन स्थिति की सूची विधान सभावार उपलब्ध कराने के लिए डीपीआरओ को निर्देश दिए। बिजली निगम की समीक्षा में विधानसभा वार अतिरिक्त बिजली ट्रांसफॉर्मर, क्षमता वृद्धि, फीडर सेप्रेरेशन, कितने कार्य पेडिंग हैं उसकी सूची एक्सईएन से मांगी। जिला विकास अधिकारी ज्ञान प्रकाश उपायुक्त मनरेगा राजाराम, उपायुक्त स्वतः रोजगार अनुराग राय, प्रभागीय वनाधिकारी विवेक यादव आदि ने अपने विभाग से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर अद्यतन अपडेट देते हुए कार्य अविलंब पूर्ण करने की प्रतिबद्धता जताई। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी, एमएलसी प्रतिनिधि संजय सिंह, छेदीलाल यादव, सीडीओ बाल गोविंद शुक्ल, एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, प्रियंका बिंद, मनोज मिश्रा, घनश्याम दास गुप्ता, लालता सोनकर, कुंवर प्रमोद चंद्र मौर्य, शैलेंद्र कुमार दूबे, नंदलाल पांडेय, नागेंद्र सिंह, राजेंद्र पाल बघेल आदि रहे।