कौलापुर। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र की पहल पर धनापुर में बनी अस्थायी गोशाला में संरक्षण ले रहीं 40 इजराइली गायों की सेहत का ध्यान अब एयरप्रूफ रबर के गद्दे रखेंगे। विदेशी नस्ल की गायें जमीन की बजाए दिल्ली से मंगाए गए इन गद्दों पर ही रहेंगी। रबर के गद्दे बृहस्पतिवार को गोशाला आने-जाने वालों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे। इन दिनों गो सेवा में लगे विधायक ने बताया कि गायों से मिलने वाले दूध, घी आदि का उपयोग विशेष रूप से धर्म-कर्म में किया जा रहा है। अभी विधायक आवास धनापुर में बनी अस्थायी गोशाला में गायों की सेवा की जा रही है, लेकिन वहिदानगर पावर हाउस के सामने नवधन गांव में इन गायों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त गोशाला बनाई जा रही है। वहां गायों के लिए स्वीमिंग पुल आदि का निर्माण भी शुरू हो चुका है। विधायक ने बताया कि वह स्वयं गायों की सुख-सुविधा को ध्यान में रखकर संरक्षण दे रहे हैं। एयरप्रूफ गद्दे इन गायों के लिए जरूरी हैं ताकि उन्हें खुरपका जैसी बीमारी न हो।