नाली निर्माण में अनियमितता की जांच करते जेई।
नगर के मिर्जापुर रोड पर बन रही नाली में पुरानी ईंट का प्रयोग पाया गया। शनिवार को शिकायत पर जांच करने पहुंचे जेई आबिद अली की जांच में अनियमितता मिली। उन्होंने ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए करीब आठ फीट तक दोबारा नाली बनाने का निर्देश दिया।
विकास कार्यों में ठेकेदारों की मनमानी कम होती नहीं दिख रही है। सरकार से मिले पैसे में कटौती कर अपनी जेब भरते हैं और काम में अनियमितता बरती जाती है। यह खेल लोक निर्माण विभाग, आरईएस से लेकर लोहिया गांवों में होने वाले विकास कार्यों में भी जमकर चल रहा है। गोपीगंज नगर के मिर्जापुर रोड में नाली निर्माण का कार्य चल रहा है। कुछ सभासदों ने गत दिनों जिला प्रशासन को पत्रक देकर नाली निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया था। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए शनिवार को जेई आबिद अली उक्त नाली निर्माण की जांच करने पहुंचे। उन्होंने जांच के दौरान पाया कि नाली निर्माण में करीब आठ फीट तक पुरानी ईंट, घटिया बालू और सीमेंट का प्रयोग किया गया है। उन्होंने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए उक्त निर्माण को दोबारा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि उक्त निर्माण को उखड़वा दिया गया है। कहा कि ठेकेदार ने गड़बड़ी को स्वीकार किया।