भदोही। भदोही नगर के जमुनीपुर कालोनी निवासी इजहार आलम अंसार की बेटी इरम शाहीन अंसारी को अमेरिका के यूनिवर्सिटी आफ नार्थ कैरोलीना (चैपल हिल) में फुलब्राइट लैंग्वेज टीचिंग असिस्टेंट और भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित किया गया है। पिछले दिनों इसके लिए वह नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में आयोजित इंटरव्यू में शामिल हुईं थीं, जिसका परिणाम आने के बाद घर में लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं है।
इरम के पिता ने बताया कि इरम ने 12वीं तक की पढ़ाई नईबाजार के सेंट मेरीज स्कूल से की। पढ़ाई के प्रति उसके लगन को देखते हुए उसका दाखिला अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी में करा दिया गया, जहां स्नातक और परास्नातक करने के बाद उसे पीएचडी (अंग्रेजी) करने का अवसर मिल गया, जो इस वर्ष पूरा हो चुका है। बताया कि गत दिनों उसने फुलब्राइट कालेज स्कालरशिप का फॉर्म भरा था। देशभर से 150 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। उनमें से दो दर्जन लोगों को शार्टलिस्ट कर नई दिल्ली के यूएस एंबेसी में इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था, जिसमें वह भी थीं और चयनित हो गईं।
अब यूनिवर्सिटी की ओर से पत्र मिला है, जिसमें बताया गया है कि वह लैंग्वेज टीचिंग असिस्टेंट पद के साथ-साथ भारतीय संस्कृति को अमरीकियों से साझा करेंगी। इरम के अनुसार यह उसके लिए किसी सपने सरीखा है। परिजनों में खुशी का माहौल है। इसकी जानकारी के साथ उन्हें हर तरफ से बधाई मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। कहा इसके लिए वह एएमयू की फैकल्टी के साथ-साथ अपने माता पिता को श्रेय देती हैं।