गोपीगंज। डीघ के ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कौलापुर में सात छात्राओं के बेहोश होने के मामले में डीएम गौरांग राठी ने जांच टीम गठित कर दी है। एसडीएम ज्ञानपुर के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम प्रकरण की जांच करेगी। रविवार को सीएचसी गोपीगंज में छात्राओं का ब्लड सैंपल लेकर छोड़ दिया गया। शनिवार को दोपहर तीन बजे प्राथमिक विद्यालय कौलापुर की सात छात्राएं बेहोश हो गई थीं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में सभी को भर्ती कराया गया। जहां पूरी रात उनका उपचार किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम गौरांग राठी ने प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। इसमें एसडीएम ज्ञानपुर अश्वनी कुमार पाण्डेय, सीओ ज्ञानपुर भुवनेश्वर पाण्डेय और सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल श्रृंगार शामिल है। टीम को एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट देने का निर्देश है। एसडीएम ज्ञानपुर अश्वनी पांडेय ने बताया कि रविवार को सीएचसी में भर्ती सातों छात्राओं को छुट्टी मिल गई है। लैब टेक्नीशियन पंकज आर्य ने बताया कि सभी छात्राओं के टीएलसी, डीएलसी, एचबीएसएजी, विडाल, ईएसआर के नमूना लेकर जांच की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि स्कूल के सभी शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।