ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के मवैया हरदोपट्टी गांव निवासी होमगार्ड संजय यादव के बेटे सूर्यभान की मौत के मामले में विवेचक को एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने लाइन हाजिर कर दिया है। सुसाइड नोट उसने लिखा था या कोई और, इसकी भी पुलिस गहराई से जांच कर रही है। प्रकरण में तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक निलंबित हो चुके हैं। मवैया हरदोपट्टी गांव निवासी होमगार्ड संजय यादव के बेटे सूर्यभान यादव के खिलाफ ज्ञानपुर के ही एक वार्ड निवासी व्यक्ति ने बेटी को भगाने के आरोप में एक नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 19 नवंबर को पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। 21 नवंबर को पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी को कोतवाली बुलाया था। लेकिन, उसके बाद वह बिना बताए कोतवाली से चला गया। 23 नवंबर को सुबह चकवां के पास तालाब में उसका शव मिला तो खलबली मच गई। एसपी ने लापरवाही पर प्रभारी निरीक्षक को उसी दिन निलंबित कर दिया और जांच टीम गठित कर दी। इसमें जांच चल रही है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रकरण में विवेचक को लाइन हाजिर किया गया है। सुसाइड नोट की विशेषज्ञ से जांच कराई जा रही है। मोबाइल की सीडीआर भी खंगाली जा रही है। इससे जल्द ही पुलिस किसी नतीजे पर पहुंच जाएगी।