ज्ञानपुर में शाम के समय ठंड से बचने के लिए अलाव तापते लोग। संवाद
ज्ञानपुर। जिले में न्यूनतम तापमान में निरंतर कमी आ रही है। इससे ठंड में वृद्धि हुई है। शाम को गलन होने के कारण लोगों की कंपकंपी छूटने लगी है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान व्यक्त किया है कि आगामी 10 दिसंबर तक तापमान नौ डिग्री तक पहुंच सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चलने के कारण हवाओं में नमी की स्थिति बनी है। धूप खिलने के बाद भी लोगों को सिहरन का अहसास होता रहता है। सुबह-शाम गलन ज्यादा हो रही है। ठंड से बचाव के लिए शाम होते ही लोग अलाव जला रहे हैं लेकिन राहत नहीं मिल रही है। रविवार को दिन मेें पछुआ हवा 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। रात नौ बजे के बाद सफर मुश्किल हो गया है। कोहरा होने के कारण बाइक चालकों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। वहीं गांव के रास्ते पर सन्नाटा पसरा रहता है। मौसम विभाग के मुताबिक बीते सप्ताह पहाड़ी क्षेत्रों में हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण बर्फबारी हुई थी। वहां से उठ रही हवाओं में नमी होने से गलन की स्थिति बनी है। जरा सी लापरवाही पर भी लोग बीमार पड़ने लगे हैं। अस्पतालों में सर्दी, जुकाम, बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। उन्हें जांच पड़ताल कर दवा उपलब्ध कराई जा रही है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौमस विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि दिन का तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस है। आगामी दिनों में एक डिग्री तक तापमान गिरने की उम्मीद है।