ज्ञानपुर। जिले की ज्ञानपुर विधानसभा में बदहाल ग्रामीण मार्गों पर इंटरलाकिंग कराई जाएगी। इसके लिए शासन ने एक करोड़ 54 लाख रुपये जारी कर दिया है। पूर्वांचल विकास निधि राज्यांश योजना में 15 ग्राम पंचायतों में इंटरलाकिंग होगी।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने निविदा जारी कर दिया है। सभी कार्य को तीन माह के अंदर पूर्ण करने का समय ठेकेदारों को दिया गया है। इंटरलाकिंग बनने से कीचड़युक्त मार्ग से लोगों को राहत मिल जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कें बदहाल है।
जिसपर पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। बारिश में सड़कों पर पानी व कीचड़ होने से समस्या और बढ़ जाती है। ग्रामीणों को सुविधा मिले इसको लेकर ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे ने पूर्व में प्रस्ताव अधिकारियों को दिया था, जिसकी अब स्वीकृति मिल गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के 15 कच्ची सड़कों पर पूर्वांचल विकास निधि राज्यांश योजना के तहत इंटरलाकिंग की जाएगी। जिसमें कुल एक करोड़ 54 लाख 50 हजार खर्च किए जाएंगे।
ये सड़कें 500 मीटर से लेकर एक किमी तक लंबी है। उसी के हिसाब से उन पर बजट खर्च किया जाएगा। इस कार्य के लिए कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को नामित किया गया है। विभाग ने निविदा जारी कर ठेकेदारों को तीन महीने में काम पूर्ण करने का निर्देश दिया है।