सुरियावां। नगर पंचायत के नयागंज में बनने के दो महीने में धंसी इंटरलॉकिंग का मामला इकलौता नहीं है। नगर के वार्ड-1 में भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है। डेढ़ महीने पहले 21 लाख की लागत से बनी 160 मीटर की इंटरलॉकिंग जगह-जगह धंस गई है। इतने कम समय में ही धंसी सड़कों को लेकर लोग सवाल खड़ा कर रहे हैं। सुरियावां नगर पंचायत के वार्ड-1 अंबेडकर नगर में 52 बीघा तालाब अंबेडकर गेट के पास सुरियावां अभिया मार्ग से 160 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया है। रेलवे लाइन तक बिछाई गई इंटरलॉकिंग का कार्य डेढ़ माह पहले ही कराया गया था।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता इतनी खराब थी कि तीन से चार जगहों पर जगह-जगह इंटरलॉकिंग धंस गई है। इंटरलॉकिंग के साथ बनाई नालियों के ढक्कन भी नहीं लगाए गए हैं। कम समय में काम की इतनी खराब गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि ठेकेदार और नगर पंचायत के मिलीभगत से लाखों रुपये के कार्यों का बंटाधार किया जा रहा है। मामले की अच्छे से जांच कराई जानी चाहिए।