जिले में हो रहा अवैध खनन एक बार फिर एक मासूम की जान निगल ली। रविवार की सुबह अवैध मिट्टी खनन कर ले जा रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ननिहाल आई मासूम को रौंद दिया। जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक थोड़ी देर आगे वाहन खड़ा कर फरार हो गया।
वाराणसी के बहरी कपसेठी निवासी इसराफिल की पुत्री अलफिजा (8) अपनी मां रुखसाना के साथ गोपीगंज कोतवाली के गांधी गांव में नाना मरहूम मैनुद्दीन के घर आई थी। रविवार की सुबह वह घर के बाहर बैठी थी। इस बीच अवैध मिट्टी खनन में लिप्त एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक उसे रौंदते हुए तेजी से आगे निकल गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में मासूम को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सीएचसी गोपीगंज रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इधर गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर का पीछा करना चाहा।
चालक हरदेवपुर में वाहन खड़ाकर फरार हो गया। घटना के बाद गुस्साए लोग कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिले में धड़ल्ले से चल रहा मिट्टी का अवैध खनन
जिले में धड़ल्ले से मिट्टी का अवैध खनन कर चल रहा है। लोगों का दबी जुबान से यह भी कहना है कि विभागीय सहयोग से ही ट्रैक्टर सड़कों पर दौड़ते हैं। विभागीय अधिकारी कुछ वाहनों पर कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री कर लेते हैं।
खनन अधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि खनन को लेकर जहां भी शिकायत मिलती है। उस पर कार्रवाई की जा रही है। हादसे में शामिल ट्रैक्टर अगर अवैध है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
हादसे पर हादसे, फिर भी नहीं चेत रहे जिम्मेदार
जिले में अवैध मिट्टी खनन में लगे ट्रैक्टरों से कई हादसे हो चुके हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार चेत नहीं रहे हैं। करीब एक साल पहले भदोही कोतवाली क्षेत्र के औराई मार्ग पर रजपुरा चौराहे से पहले नाबीना शाह बाबा के मजार के पास मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने बिहार के जिला मधुबनी के थाना मधेपुर के बाकी गांव की निवासिनी सुलेखा (40) पत्नी मंटून मुखिया को टक्कर मार दी। जिसमें उनकी मौत हो गई।
इसी तरह 21 दिसंबर, 2024 को गोपीगंज कोतवाली के अमिलौर गांव मार्ग पर मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल थाना क्षेत्र के के नंदिनी गांव निवासी साहब लाल का पुत्र डॉ. राज मल्होत्रा को मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई। इसी तरह आए दिन ट्रैक्टर से हादसे होते रहते हैं।
घटना के बाद ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं ट्रैक्टर मालिक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। ट्रैक्टर कहां से कहां जा रहा था। इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। - अजय विक्रम, प्रभारी निरीक्षक, गोपीगंज।