ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के बैराखास गांव की सरोज बस्ती में शनिवार को दोपहर 12 बजे चार पहिया वाहन की चपेट में आने से तीन साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद ड्राइवर वाहन समेत फरार हो गया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर मृतक मासूम बच्ची के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया ।
दरअसल बैराखास गांव निवासी अजय सरोज की तीन वर्षीय लड़की प्रियांशी शनिवार को दोपहर में घर के बाहर खेलने के दौरान सड़क पर आ गई तभी उसी समय बभनौटी की तरफ से आ रही एक चार पहिया वाहन की चपेट में आने से मासूम बच्ची बुरी तरह से घायल हो गई । इसके बाद परिवार वाले जब तक बच्ची को अस्पताल ले जाने की सोचते तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक प्रियांशी अपने दोनों भाई आशीष और प्रवीण में इकलौती बहन थी। वहीं उसकी मां रेणु का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता अजय मजदूरी करके परिवार का जीवकोपार्जन करते हैं।