ज्ञानपुर। नगर में अधूरी नालियों के निर्माण कार्य शीघ्र ही पूरे कराए जाएंगे। इसके लिए नगर पंचायत ने जिला प्रशासन से 70 लाख रुपये की मांग की है। पैसे मिलने पर अधूरे कार्य पूरे कराए जाएंगे। करीब छह महीने पहले नगर के 11 वार्डों में एक करोड़ 50 लाख की लागत से नाली निर्माण, सीसी रोड और मरम्मत की स्वीकृति मिली थी। पहली किस्त 80 लाख मिलने पर काम कराए गए। अब दूसरी किस्त की मांग की गई है। ज्ञानपुर नगर में कुल 11 वार्ड हैं। इनमें छोटी-बड़ी मिलाकर कुल 45 से अधिक नालियां हैं। छह महीने पहले बोर्ड की बैठक में नई नालियों के निर्माण, मरम्मत और सीसी रोड बनवाने की मांग सभासदों ने की थी। डेढ़ करोड़ रुपये का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया। जहां से स्वीकृति मिलने के बाद 80 लाख रुपये की पहल किस्त जारी की गई। इससे नगर में कई स्थानों पर नालियां बनाई गईं। अब दूसरी किस्त 70 लाख रुपये की मांग की गई है। नगर के वार्ड संख्या नौ बालीपुर, पीडब्ल्यूडी दफ्तर के पीछे, ज्ञानपुर पुरानी बाजार, दुर्गागंज त्रिमुहानी सहित विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण और मरम्मत कार्य कराए गए हैं। चेयरमैन घनश्याम दास गुप्ता ने बताया कि 70 लाख रुपये की दूसरी किस्त की मांग जिला प्रशासन से की गई है। बजट मिलने के बाद जहां नाली अधूरी है, उसकी मरम्मत कराई जाएगी।