केएनपीजी के अर्थशास्त्र विभाग में प्रवेश के लिए काउंसलिंग कराती छात्रा। संवाद
ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में परास्नातक के सभी विषयों में सोमवार से प्रवेश शुरू हो गया। पीजी की 19 विषयों में प्रवेश की प्रकिया शुरू हो गई। हालांकि पहले दिन विभागाध्यक्षों की देखरेख में महज आठ विषयों के 38 छात्र-छात्राएं ही काउंसिलिंग कराने पहुंचे। प्रवेश शुरू होने कारण सोमवार को कॉलेज परिसर में गहमागहमी रही। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक का प्रवेश करीब-करीब पूरा हो चुका है। ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया के बीच सोमवार से परास्नातक की कक्षाओं में प्रवेश शुरू हो गया। नवरात्र का पहला दिन होने के कारण पहले दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति काफी कम रही। 19 विभागों में सिर्फ आठ में ही विद्यार्थी कांउसिलिंग के लिए पहुंचे। पहले दिन राजनीति विज्ञान में आठ, अर्थशास्त्र में छह, भूगोल में छह, अंग्रेजी में तीन, प्राचीन इतिहास में तीन, एमकाम में पांच, एमएससी गणित में चार और भौतिक विज्ञान में तीन छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया। केएनपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेशचंद्र यादव ने बताया कि सोमवार को नवरात्र का पहला दिन होने के कारण काउंसिलिंग के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या कम रही। मंगलवार से इसमें तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि पहले दिन कुल 38 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया।