फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर में रुक-रुक कर लगा जाम, लोग बेहाल

Sun, 23 Oct 2016 01:54 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो , भदोही
विज्ञापन
विज्ञापन
भदोही। नगर की मुख्य रेलवे क्रासिंग में से एक पकरी तिराहे पर निर्माण के चलते यातायात प्रभावित होने से शनिवार को भीषण जाम लग गया। रुक-रुककर पूरे दिन जाम की समस्या बनी रही, लेकिन सुबह आठ बजे से 12 बजे तक लगातार लगे जाम में फंसे लोग बिलबिला गए। स्कूली वाहन और एंबुलेंस भी फंसे नजर आए। कुछ रास्ता बदलकर निकल लिए तो ज्यादातर वाहन चालक विवश होकर जलालत झेलते रहे। हाल यह हो गया कि रेलवे पटरी के उत्तर और दक्षिण की ओर आवागमन में लोगों के पसीने छूट गए। पुलिस की मौजूदगी के बाद भी स्थिति बेकाबू रही। क्रॉसिंग पर एक ट्रक फंस जाने से स्थिति और विषम हो गई। इससे दिनभर में लगभग तीन बार यातायात प्रभावित हुआ।      
विज्ञापन

जानकारी हो कि इन दिनों अहमदगंज और इंदिरा मिल रेलवे क्रासिंगों पर फ्लाईओवर का निर्माण हो रहा है। ऐसे में नगर के उत्तरी और दक्षिणी ओर आने जाने के दो सहारे हैं पकरी और रेवड़ापरसपुर रेलवे फाटक। बताया जाता है कि रेवड़ापरसपुर फाटक पर सड़क खोद कर सीवर लाइन डाले जाने से इस फाटक से आवागमन रुक गया है। लोगों ने बताया कि एकाएक पकरी फाटक पर वाहनों का दबाव बढ़ जाने से यहां भी यातायात जैसे थम गया। इससे सुबह स्कूल के समय, दोपहर स्कूल की छुट्टी और फिर शाम तीन बजे यातायात अव्यवस्थित हो गया। तीन अलग अलग समय में 3-3 घंटे जाम से स्कूली बच्चे बिलबिला गए। परेशानी इस बात की रही कि सिविल लाइन की तरफ से पकरी की ओर आ रहा एक ट्रक रेलवे फाटक के पास आकर फंस गया। कालीन निर्यातक वसीम अंसारी ने कहा कि हम लोगों को घरों से निकलने के लिए चार बार सोचना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सिविल लाइन क्षेत्र में दो स्कूल भी हैं। स्कूल जाने के समय और छुट्टी होने पर हमेशा जाम की वेदना से जूझना पड़ता है। कहा कि इस बारे में प्रशासन को कुछ विशेष सोचना चाहिए।      
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें