जलनिकासी के अभाव में विभिन्न मोहल्लों और सड़कों पर पानी तो लगा ही है इस वर्ष स्कूलों में जलभराव की नई मुसीबत लोगों के सामने आई है।
स्टेशन रोड चकदिवानगान वार्ड की दशा सबसे ज्यादा खराब है। यहां कई घरों में पानी घुस गया है। इसको लेकर लोगों को रात जाग कर बितानी पड़ रही है। इसके अलावा भदोही गर्ल्स इंटर कालेज में जलभराव हो जाने से पिछले दो दिन से छात्राओं को वापस लौटना पड़ रहा है।
कहा जा रहा है कि इसका समाधान न हुआ तो और कई मोहल्ले और स्कूल जलभराव की जद में आ जाएंगे। पिछले दिनों रेलवे दोहरीकरण योजना के दौरान नगर पालिका की एक पुलिया ध्वस्त हो जाने से अहमदगंज, चकदिवानगान, पश्चिम तरफ, छेड़ीबीर की जलनिकासी व्यवस्था बेपटरी हो गई थी।
इससे न केवल अहमदगंज में बल्कि चकदिवानगान और स्टेशन रोड की समस्या बढ़ा दी। इसके चलते ही फलाहे उम्मत गर्ल्स डिग्री कालेज और भदोही गर्ल्स इंटर कालेज में जलजमाव हो गया जो अब तक बना हुआ है।
शिक्षक एक ओर से पानी सुखा रहे तो दूसरी ओर से फिर से पानी भर जा रहा है। इससे पठन पाठन प्रभावित हो रहा है। चकदिवानगान में खालिक हाशमी, राधेश्याम सोनकर, रमाशंकर सोनकर, बहादुर प्रजापति, अश्फाक मंसूरी, रामजी सोनकर के घरों में पानी घुस गया है जिसे निकालने का लोगों के पास कोई रास्ता नहीं बचा है। दूसरे मोहल्ले भी जलजमाव से अछूते नहीं है। काजीपुर, शहाबाबाद, जल्लापुर, नईबस्ती, घमहांपुर में सडकों पर लगातार जलभराव बना हुआ है। कई स्थानों पर सीवर चैंबर क्षतिग्रस्त पड़े हैं। इस बावत पालिका चेयरमैन महलका सिद्दीकी ने कहा कि रेलवे की लापरवाही से समस्या हुई है। इस बावत जिलाधिकारी से भी हस्तक्षेप करने को कहा गया है। रेलवे पुल बनाकर नगर पालिका को सौंपेगा तब हम इस पर काम कराकर जलनिकासी व्यवस्था कराएंगे।