भदोही-गोपीगंज मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के कंसापुर गांव में मंगलवार दोपहर 12 बजे स्कार्पियो की चपेट में आने से आठवीं की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं दूसरी ओर घटना के बाद मौका पाकर चालक वाहन लेकर भागने में सफल हो गया।
कंसापुर गांव निवासी मुमताज की 15 वर्षीय बेटी मुस्कान मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हैंडपंप से पानी भरने के लिए भदोही- गोपीगंज मार्ग के दूसरी तरफ स्थित हैंडपंप पर गई। बाल्टी में पानी भरने के बाद वह घर की तरफ आ रही थी कि उसी दौरान ज्ञानपुर से भदोही की ओर जा रही स्कार्पियो टक्कर मारते हुए भाग गई। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्रा घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर फेंका गई।
आसपास के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार वालों का रो- रोकर बुरा हाल हो गया। मुस्कान कंसापुर स्थित ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल की छात्रा थी। वह दो भाइयों और दो बहनों में बड़ी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।