ज्ञानपुर। जिले में इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा की तैयारी शुक्रवार को पूरी कर ली गई है। कर्मचारियों ने डेस्क स्लिप लगा दिया है। शनिवार को विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में दो पालियों में परीक्षा होगी।
इसमें इंप्रूवमेंट के 114 और कंपार्टमेंट के 303 सहित 417 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं को इंप्रूवमेंट-कंपार्टमेंट परीक्षा के माध्यम से पास होने का मौका दिया जाता है।
अप्रैल में रिजल्ट आने के बाद 10 जून तक इसके लिए आवेदन लिए गए थे।
30 जून को परिषद ने 19 जुलाई को परीक्षा तिथि तय की थी, लेकिन बाद में परिषद ने तिथि को परिवर्तित कर 26 जुलाई को कर दिया। परिषद ने विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर को एक मात्र परीक्षा केंद्र बनाया है।