दुर्गागंज। अभोली ब्लॉक के जगतपुर गांव स्थित ईट भट्ठे के पास बगीचे में संचालित अवैध स्कूल को शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने बंद करा दिया। संचालक के खिलाफ एक लाख का जुर्माना लगाया।
बिना मान्यता विद्यालयों का संचालन रुक नहीं रहा है। पूर्व में नोटिस देने के बाद भी संचालक मनमानी तरीके से स्कूलों का संचालन कर रहे हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश यादव जांच करने पहुंचे तो बगीचे में विद्यालय संचालित मिला। जांच करने पर पता चला कि अभी न तो मान्यता मिली है और न ही भवन बने हैं। उन्होंने स्कूल में ताला लगवाया। अचानक हुई कार्रवाई से स्कूल में खलबली मच गई।
वहां पढ़ने वाले बच्चों को पास के प्राथमिक विद्यालय में नाम लिखवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में नोटिस दिया गया था, लेकिन संचालक महेंद्र सिंह यादव अवैध ढंग से स्कूल संचालित कर रहा था। उच्चाधिकारियों से अनुमति लेकर विधिक कार्रवाई की जाएगी। कहा कि भविष्य में स्कूल खुला तो संचालक पर मुकदमा होगा।
ज्ञानपुर। खंड शिक्षा अधिकारी अभोली वेद प्रकाश यादव और डीसी बालिका धीरज कुमार ने शुक्रवार को तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया। जिसमें दो विद्यालयों में शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। सभी का एक दिन का वेतन रोका गया।