ज्ञानपुर। औराई के माधोसिंह स्थित एक अवैध क्लीनिक पर शनिवार को सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने छापेमारी की। हालांकि मौके से कोई स्वास्थ्य उपकरण नहीं मिले। पखवारे भर पूर्व ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि हॉटस्पाट गांव का एक झोलाछाप माधोसिंह में अवैध क्लीनिक संचालित करता है। वह प्रतिदिन आकर क्लीनिक में बैठकर मरीजों को देखता। इससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। करीब 10 दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी में हाथ खाली रहा। शनिवार को एक बार फिर सीएमओ वहां पहुंचीं। सूत्रों का कहना था कि क्लीनिक संचालक को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बैठा लिया, लेकिन किसी का फोन आने पर छोड़ा गया। कोविड-19 के कारण जिले के सभी निजी अस्पताल बंद हैं। ऐसे में अवैध क्लीनिक का संचालन होने पर विभागीय कार्यप्रणाली भी सवालों में घिरती दिख रही है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि मौके पर कोई स्वास्थ्य उपकरण नहीं मिला। क्लीनिक चलाने वाले को तलब किया गया है।