गोपीगंज। कोतवाली में सोमवार को कमिश्नर विंध्याचल प्रीति शुक्ला और डीआईजी पीयूष श्रीवास्तव ने बैठक कर लॉकडाउन की समीक्षा की। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और एसपी रामबदन सिंह से वार्ता कर जिले की स्थिति से अवगत हुए। कमिश्नर ने 20 अप्रैल से कड़ी शर्तों के साथ दी जाने वाली सहूलियत में किसी विशेष बदलाव का निर्देश नहीं दिया। कहा कि आवश्यक वस्तुओं की ही दुकानें पूर्व निर्धारित समय के मुताबिक खुलेंगी और बंद होंगी। लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। एनएचएआई की निर्माण इकाई और कालीन कंपनी परिसर में ही रहने वाले कर्मचारी और मजदूर से काम कराने की छूट देगी। उन्होंने कहा कि नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।