Crime News: सोनभद्र के रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के पलपल गांव में बुधवार को युवक ने कुल्हाड़ी से वारकर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद पत्नी की साड़ी से ही फंदा बनाकर खुद भी पेड़ से झूल गया। घटना से पहले पति-पत्नी के बीच आपस में विवाद हुआ था। देर शाम सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
पलपल गांव निवासी राजेंद्र गुर्जर (38) मजदूरी करता था। बुधवार की सुबह वह अपनी पत्नी रीता (35) के साथ सिलाड़ का खाड़ के जंगल में पियार (चिरौंजी) बीनने के लिए गया था। जंगल में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद राजेंद्र ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया।
सिर और चेहरे पर जोरदार प्रहार से रीता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद राजेंद्र ने भी पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर पास के ही महुआ के पेड़ पर झूल गया। दोपहर तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें ढूंढने जंगल की ओर गए। वहां उनकी नजर राजेंद्र के शव पर पड़ी तो सन्न रह गए। पास में ही रीता का खून से लथपथ शव पड़ा था। भाई विजय की सूचना पर रामपुर बरकोनिया एसओ कमल नयन दुबे मौके पर पहुंचे।
सीओ सदर रणधीर मिश्रा, एएसपी कालू सिंह ने भी देर शाम घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि घटना से पहले किसी बात पर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। इसी को लेकर पति ने हत्या की और फिर खुद जान दे दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।