ज्ञानपुर। लगभग सप्ताहभर से तल्खी दिखा रहे मौसम का मिजाज मंगलवार को और बदल गया। दोपहर में हल्की बूंदाबांदी के बाद उमस में बेतहाशा बढ़ोतरी हो गई। इससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया। घर की चहारदीवारी के अंदर भी लोग उबल गए। भदोही जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री जबकि न्यूनतम 27 डिग्री सेल्शियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को सुबह हुई तो आसमान साफ था। थोड़ी ही देर में सूर्यदेव आग उगलने लगे और चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल हो गए। दोपहर लगभग 12 बजे आसमान में बादलों की उमड़-घुमड़ हुई और जिला मुख्यालय एवं आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इस दौरान हल्की हवाएं चलने से कुछ देर के लिए लोगों को गर्मी से राहत मिल गई, मगर तकरीबन 15 मिनट की बूंदाबांदी के बाद आसमान फिर साफ हुई तो धूप की तल्खी से उमस में बेतहाशा इजाफा हो गया। शाम के पांच बजे तक धूप के साथ उमस उसके बाद हवाएं ठप होने के कारण लोगों को पसीने-पसीने करती रही। अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद ज्यादातर लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं, लेकिन गर्मी ने घर की चहारदीवारी के अंदर भी बेचैन कर दिया। माना जा रहा था कि अगर बारिश भी ठीक से हो जाती तो उमस और गर्मी से राहत मिल जाती। गौरतलब है कि पिछले हफ्तेभर से जिले में बारिश नहीं हो रही है। इससे धान की खेती करने वाले किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं। तमाम इलाकों में नहरों में टेल तक पानी नहीं है। दूसरी ओर बिजली की मनमानी कटौती से खेती-बारी के कार्य प्रभावित हो चले हैं।
अगले 24 घंटों में बारिश का अनुमान
मौसम के जानकारों ने अगले 24 घंटे के अंदर बारिश का अनुमान लगाया है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विज्ञानी डॉ. सर्वेश कुमार बरनवाल ने कहा कि मध्य भारत से चलीं दक्षिण-पूर्वी हवाओं के कारण आगामी सप्ताह में भी हल्की बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि आने वाले सितंबर में भी बारिश होने की संभावना है।
--