ज्ञानपुर। सुरियावां ब्लॉक के खगरपुर और कंसापुर की महिलाओं ने प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास न मिलने पर सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। तत्पश्चात प्रार्थनापत्र डीएम कार्यालय में सौंपा। आरोप लगाया कि पात्र होने के बाद भी उन्हें आवास आवंटित नहीं हो सका है।
महिलाओं ने कहा कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण कच्चे और छप्परयुक्त घरों में रहने के लिए विवश हैं। बारिश के मौसम में छोटे-छोटे बच्चों के साथ समय काटना अनहोनी का कारण बन सकता है। आवास न मिलने पर पात्रता की श्रेणी में आने वाले लाभार्थी मंडलायुक्त से शिकायत करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में मंजू देवी, चंदा देवी, रानी देवी, मनोरमा देवी, कंचन देवी, उर्मिला देवी आदि रहीं। इसी क्रम में नवयुवक मंगलदल वारी-भदोही के पदाधिकारियों ने डीएम को प्रार्थनापत्र देकर चयनित स्थल पर खेलकूद मैदान की मांग की। नवयुवक मंगल दल के सत्यम बिंद, कृष्णकुमार, पिंटू, अजीत, मनीष, राजेश, अरविंद ने आरोप लगाया है कि युवा कल्याण विभाग ने भूमि नंबर 238 पर खेलकूद मैदान का प्रस्ताव तहसील प्रशासन को सौंपा है। कुछ लोग खेलकूद मैदान को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कराना चाहते हैं। प्रतिदिन दर्जनों युवा एकजुट होकर भविष्य की तैयारी कर रहे हैं। कुछ लोग राजस्व विभाग से मिलीभगत कर युवाओं का भविष्य चौपट करना चाहते हैं। चयनित स्थान पर खेलकूद मैदान न बनने पर युवा सड़क पर उतरेंगे।