ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के असनाव बाजार के समीप रविवार की रात करीब नौ बजे गाय से भिड़कर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। भदोही के निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिवार वालों को सौंप दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
असनांव बाजार के खेमईपुर गांव निवासी सुरेश उर्फ बबलू तिवारी (45) पुत्र काली तिवारी उप संभागीय परिवहन कार्यालय ज्ञानपुर में लोगों के लाइसेंस सहित अन्य कागजात बनवाने का काम करते थे। रविवार की रात करीब नौ बजे वह ज्ञानपुर बाजार से अपने घर खेमईपुर वापस जा रहे थे। असनांव बाजार से पूर्व एक पेट्रोल टंकी के समीप जैसे पहुंचे उसी दौरान अचानक सड़क पर एक गोवंश आ गया। गोवंश से भिड़कर बाइक सहित वह काफी दूर फेंका गए। इससे सिर और सीने में गंभीर चोट लग गई। आसपास के ग्रामीणों ने परिवार वालों को घटना के बारे में जानकारी दी। जब तक परिजन उन्हें भदोही निजी चिकित्सालय ले जाते, रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा गया। वहीं गांव में गम का माहौल कायम है। मृतक को दो लड़के और एक लड़की है। चार भाइयों में वह तीसरे नंबर के थे। सोमवार को दोपहर बाद भोगांव घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। कोतवाली प्रभारी ज्ञानपुर सुशील कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया।