सुरियावां विकास खंड के सिंहपुर के ग्रामीणों ने गांव की खुली बैठक में उचित दर दूकानदार के चयन में मनमानी करने के खिलाफ बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को पत्रक देकर गांव में खुली बैठक कराकर कोटेदार चयन के लिए मतदान कराने की मांग की। मुख्यालय धमके ग्रामीणों ने दूकान के चयन में मनमानी करने के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चेतावनी दी कि मांगों को गंभीरता से न लेने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
जिला मुख्यालय पहुंचे सिंहपुर के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 22 जून को गांव में रिक्त चल रही कोटे की दूकान का चयन करने के लिए खुली बैठक का आयोजन किया गया। इसमें कोटेदार के चयन के लिए ग्रामसभा के ग्रामीणों का बहुमत नहीं जाना गया, बल्कि मनमानी तरीके से अपने चहेते को ही कोटेदार चयनित करने का प्रयास किया गया। ऐसे में जिस व्यक्ति को कोटेदार बनाया जा रहा है, उससे गांव के गरीबों में अभी से असंतोष होना शुरू हो गया है। क्योंकि जिस समस्या के निदान के लिए कोटेदार का चयन किया जाना है, ऐसे में वह समस्या और बढ़ जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपे पत्रक में गांव में नए सिरे से खुली बैठक की तिथि निर्धारित कर उसमें मतदान कराकर कोटे की दूकान का आवंटन कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में सुरेश कुमार, दूधनाथ, संतलाल, नेबूलाल, विजय बहादुर, बच्चेलाल, राजेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, सूरज कुमार, राजेश कुमार, चंचल कुमार, राजकुमार आदि शामिल रहे।