गोपीगंज। प्रयागराज के हिस्ट्रीशीटर शनि देवल की 20 दिन पूर्व नगर के केड़वरिया में हत्या पैसे के लेनदेन में हुई थी। कुएं में शव मिलने के बाद परिवार वालों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। बृहस्पतिवार को एक अपचारी को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। जुर्म कबूलने पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से लोहे की सरिया को बरामद किया, जबकि अपचारी दूसरा आरोपी पहले ही कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुका है।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राजवीर सिंह ने बताया कि 15 फरवरी को सुबह गोपीगंज के केड़वरिया स्थित कुएं में शनि उर्फ शनि देवल भारतीय पुत्र जोखूलाल निवासी सदरेपुर थाना हंडिया जनपद प्रयागराज का दो से तीन दिन पुराना शव बरामद हुआ था। मृतक प्रयागराज का हिस्ट्रीशीटर था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू किया। एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन के निर्देश पर गठित टीमें गिरफ्तारी के अभियान में लगी थीं। एएसपी ने बताया कि बृहस्पतिवार को घटना में शामिल एक अपचारी को पुलिस टीम ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ हुई तो उसने जुर्म को स्वीकार किया। अपचारी ने बताया गया कि मृतक आरोपी सहित दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल चोरी करता था। घटना वाले दिन तीनों एक साथ गोपीगंज आए थे, जहां चोरी के उपरांत पैसे बंटवारे के विवाद होने पर शनि के सिर पर लोहे के सरिया से वार कर हत्या करके कुएं में फेंक दिया गया था। उन्होंने बताया कि एक अन्य अपचारी आरोपी पहले ही कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुका है।