दुर्गागंज। पुलिस ने बृहस्पतिवार को सरायकंसराय रेलवे स्टेशन के पास से जनपद के टॉप टेन हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से दो किलो 350 ग्राम गांजा, तमंचा व दो कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न जिलों में 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्गागंज की पुलिस उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चला रहा थी। सरायकंसराय रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान जनपद स्तर के टॉप टेन व हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त राजेश बिंद उर्फ खेतई निवासी छनौरा, दुर्गागंज को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो किलो 350 ग्राम गांजा व तमंचा बरामद किया गया। वह लूट, हत्या, चोरी, धोखाधड़ी, अवैध तस्करी जैसे गंभीर अपराध करने वाले गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है। इसके खिलाफ जनपद सहित प्रयागराज, वाराणसी व जौनपुर में गैंगस्टर, लूट, हत्या, चोरी, गुंडा, आयुध व एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।