ज्ञानपुर/लालानगर। सिक्सलेन में परिवर्तित हो रहे राजमार्ग पर जल्द ही क्राइम कंट्रोल के लिए अलग से थाना बनेगा। लालानगर टोल प्लॉजा के समीप थाना बनने का प्रस्ताव है। इसमें एक सीओ, एक निरीक्षक समेत 40 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। जो हाइवे के एक छोर से दूसरे तक सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। जिले में राजमार्ग-19 करीब 32 किमी तक फैला है। इस पर औराई, ऊंज और गोपीगंज तीन थाने पूर्व से स्थित हैं। करीब चार साल से प्रयागराज से लेकर वाराणसी तक सिक्सलेन का निर्माण चल रहा है जो अंतिम दौर में पहुंच चुका है। जहां-जहां काम पूर्ण हो चुका है वहां ओवरब्रिज चालू हो चुका हैं, लेकिन गोपीगंज समेत कुछ क्षेत्रों में अभी काम चल रहा है। ओवरब्रिज के निर्माण से हाइवे पर पूर्व के थाने नीचे हो जाएंगे। किसी एक स्थान पर जाने के लिए उन्हें काफी चक्कर लगाना पड़ेगा। जिसको देखते हुए एनएचएआई और पुलिस महकमें की ओर से लालानगर टोल प्लॉजा के समीप एक आधुनिक थाना बनाने का प्रस्ताव है, जो बाबूसराय से लेकर ऊंज तक ओवरब्रिज पर होने वाली आपराधिक घटनाओं पर नजर रखेगी। सूत्रों की माने तो शुरूआत में किराए के मकान में थाना स्थापित होगा। उसके बाद एनएचएआई थाना भवन का निर्माण कराएगी। प्रस्तावित थाने में एक क्षेत्राधिकारी, एक प्रभारी निरीक्षक और 40 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। ओवरब्रिज चालू होने के बाद पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ जाएगी। एनएचएआई के परियोजना निदेशक अश्वनी राय ने कहा कि लालानगर के समीप थाने का प्रस्ताव है। अभी पुलिस के उच्चाधिकारियों से वार्ता हो रही है। शुरूआती दिनों में थाने को किराए के भवन में चलाया जाएगा। बजट मिलने पर आधुनिक भवन बनाया जाएगा।