हाईवे पर वाहनों का दबाव होने से जाम लगने से वाहनों की लगी लाइन।
- फोटो : BHADOHI
लालानगर। गोपीगंज नगर को जाम के जकड़न से राहत नहीं मिल पा रही है। सोमवार को दोपहर बाद वाहनों का दबाव बढ़ने और डायवर्ट लेन के कारण जाम लग गया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस के प्रयास से एक घंटे बाद जाम खुला, हालांकि रुक-रुककर जाम शाम तक लगता रहा।
हाईवे पर सिक्सलेन निर्माण के कारण ओवरब्रिज बन रहा है। अंतिम चरण में काम होने से मार्ग को डायवर्ट किया गया है। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर गोपीगंज नगर में वाहनों की रफ्तार एक बार फिर थम सी गई है। निर्माण कार्यों में लगीं अत्याधुनिक मशीनों के जगह-जगह कार्यरत होने से पूर्वी छोर लालानगर स्थित टोल प्लाजा और पश्चिमी छोर कौलापुर तक लगभग 15 किलोमीटर तक प्रतिदिन घंटों जाम के झाम से आम राहगीरों के साथ-साथ दूरदराज को जा रहे वाहन चालक परेशान हो जाते हैं। बावजूद इसके न एनएचएआई प्रशासन ही जाम की समस्या से निजात दिलाने में किसी तरह की जहमत उठा पा रही है न पुलिस प्रशासन।
सिक्सलेन निर्माण को लेकर पश्चिमी छोर कठौता तिराहा और पूर्वी छोर कांजी हाउस-ओबीटी तक करोड़ों रुपये की लागत से पिलरयुक्त ओवरब्रिज का निर्माण कराकर जाम से निजात दिलाने का खाका एनएचएआई ने कर तो लिया लेकिन जाम के कारण बन रहे अतिक्रमण, अधूरे नालों को पूरा न कराने से समस्या जटिल होती जा रही है। दोनों छोर पर मुख्य लेन को डायवर्जन कर देने से सर्विसलेन वाहनों का भार नहीं सह पा रहे हैं। मिर्जापुररोड तिराहा, बड़ा चौराहा, पड़ाव-ज्ञानपुररोड स्टेशन मार्ग पर तैनात पुलिस भी बढ़ते जाम के दायरे की अनदेखी कर मात्र दुकानों और बाइक सवारों के चालान काटने में व्यस्त है।
परियोजना निदेशक अश्वनी राय का कहना रहा जब तक ओवरब्रिज का कार्य पूरा नहीं होगा तब तक जाम की समस्या से निजात दिला पाना मुश्किल होगा। बरसात शुरू न हुआ होता तो जिस गति से कार्य में तेजी दिखाई जा रही है अब तक कार्य भी पूर्ण कराकर आवागमन योग्य बन जाता। यदि बारिश का क्रम इसी तरह जारी रहा तो निर्माण पूरा होने में समय भी लग सकता है।