गोपीगंज। शहर में हाईवे के डिवाइडर को दुकानदारों ने वाहन स्टैंड बना दिया है। इससे यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई है। सड़क सिकुड़ने से आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी है। राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण होने पर मध्य में पौधारोपण के लिए स्थान छोड़ा गया है, लेकिन आसपास के दुकानदार उसका दुरुपयोग कर रहे हैं। प्रतिष्ठान आने वाले कर्मचारी अपनी बाइक और साइकिल को वहीं खड़ी करते हैं। इतना ही नहीं ग्राहकों की बाइक भी सर्विसलेन पर खड़ी करा दी जाती है। इससे मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को परेशान होना पड़ता है। इससे दुर्घटना की भी आशंका बनी रहती है।