जिले में 10 साल बाद नौतपा से पहले ही कालीन नगरी तप गई। तीखी धूप की वजह से दोपहर में सड़कें भठ्ठी की तरह तप रही हैं। एक दशक बाद तापमान लगातार पांच दिनों से 44 के पार बना हुआ है। माैसम विभाग के अनुसार, 25 मई से दो जून तक नौतपा रहेगा। इस दरम्यान सुबह नौ बजे से ही लू चलने लगती हैं। वहीं मौसम विभाग ने 24 मई तक रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इस बार कई नौतपा में कई सारे रिकाॅर्ड टूटने की आशंका है।
मई महीने में नौतपा में तापमान 45 डिग्री पहुंचता था, लेकिन इस बार चार दिन पहले 21 मई को ही तापमान 45 डिग्री पहुंच गया है। नौतपा शुरू होने से दो दिन और शेष है। बृहस्पतिवार को अधिकतम पारा 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। जबकि न्यूतनतम पारा 30 डिग्री सेल्सियस रहा। बेजवां के प्रभारी डॉ. एके चतुर्वेदी ने बताया कि नौतपा के दौरान पारा 44-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। इस बार पारा 47 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि गर्मी में तरल पदार्थों का खूब सेवन करें। शरीर में पानी की कमी होने से लू लगने की संभावना अधिक रहती है।