कोरोना से बचाव के लिए केंद्रों पर जहां सुबह से लाइन लगनी शुरू हो जाती हैं वहीं स्वास्थ्य कर्मियों की लेटलतीफी भारी पड़ती जा रही हैं। शुक्रवार को महाराजा चेत सिंह जिला अस्पताल स्थित टीकाकरण केंद्र पर 10 बजे के बाद वैक्सीन लगना शुरू हुआ। इससे लोगों में रोष देखा गया। शुक्रवार को महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल स्थित टीकाकरण केंद्र पर नौ बजे से पूर्व ही लोग टीका लगवाने के लिए पहुंच गए थे, लेकिन केंद्र पर स्वास्थ्य कर्मी के लेट पहुंचने से 10 बजे के बाद वैक्सीन लगना शुरू हुआ। कंसापुर निवासी सीता देवी ने बताया है कि छोटे-छोटे बच्चों को अकेले घर छोड़ सात बजे से लाइन में लगी हूं। 10 बजे भी वैक्सीन लगना नहीं शुरू हुुआ। शुभम यादव, सूरज बिंद, सूर्यकांत, इंद्रेश कुमार यादव, राकेश कुमार, अनुराग कुमार आदि लोगों ने वैक्सीन समय से न लगने पर नाराजगी जताई।