सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सुरक्षा त्रिस्तरीय घेरे में रहेगी। ब्लैक कमांडो संग पीएसी और सिविल पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा का प्लान तैयार कर लिया गया है। एएसपी रैंक के दो, सीओ रैंक के छह और 500 हेडकांस्टेबल, कांस्टेबल, पीएसी के जवान रहेंगे। डीघ के इनारगांव में शिक्षक दिवस पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शिक्षक अधिवेशन में शामिल होंगे। करीब दो साल बाद जिले में आ रहे पूर्व सीएम की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता। कहां कौन तैनात रहेगा और क्या करना है इसकी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। शिक्षक दिवस के दिन पांच सितंबर को अधिवेशन के पंडाल में बिना जांच के कोई प्रवेश नहीं कर पाएगा। पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कहा कि सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किया गया है। एएसपी रैंक के दो, सीओ रैंक के छह सहित 500 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।