लालानगर। कार्यभार संभालने के तीसरे दिन मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ ने कई स्वास्थ्यकर्मियों के अनुपस्थित मिलने और दवा कक्ष में खामियां सामने आने पर फार्मासिस्ट को जमकर फटकार लगाई।
वहीं कोविड-19 वक्सीनेशन, उपस्थिति रजिस्टर, प्रसूति, ओपीडी कक्ष, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता समेत मरीजों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं की भी हकीकत देखी। सीएमओ ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में दवाओं की कमी नहीं है। अस्पताल में आने वाले हर मरीज का समुचित इलाज किया जाए। बताया कि परिसर में विभागीय वाहनों के अलावा बाहरी वाहन नहीं खड़े कराए जाएं। आवासीय भवनों में अनधिकृत लोगों की उपस्थिति नहीं होनी चाहिए। मुख्य गेट पर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी जाए। सीएमओ ने अधीक्षक डॉ. आशुतोश पांडेय से अवैध कब्जे की पूरी जानकारी लेकर कार्रवाई का निर्देश दिया। अधीक्षक ने बताया कि अवैध कब्जा के मामले में डीएम के आदेश का पालन कराया जा रहा है।