भदोही। पंचायत चुनाव के मतगणना के लिए एकाएक कोविड जांच कराने की होड़ मच गई है। शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में एंटीजेन और आरटीपीसीआर जांच की व्यवस्था है। शुक्रवार को तो इतनी भीड़ हो गई कि स्वास्थ्य कर्मियों और ग्रामीणों से झड़प तक हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एमबीएस अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मी सुविधा शुल्क के चक्कर में पहले तो किट नहीं कहने लगे लेकिन जब लोग मारपीट पर उतारू हो गए तो आखिरकार किट की व्यवस्था कर जांच करानी पड़ी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा.वीके सिंह ने कहा कि एकाएक जांच कराने वालों की संख्या बढ़ने से लोगों को भय हो गया कि कहीं किट खत्म न हो जाए जबकि किट की उपलब्धता समुचित मात्रा में है। आने वाले सभी लोगों की जांच की जा रही है। बताया कि सीएचसी में आज 600 लोगों की एंटीजेन जांच कराई गई। उन्होंने कहा कि जनपद में समुचित मात्रा में टीके उपलब्ध हैं। किसी को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जिनका दूसरा टीके का समय हो गया हो वे भी टीकाकरण करा सकते हैं।
उधर एमबीएस अस्पताल में सुबह 10 बजे जांच कराने वाले सैकड़ों लोगों की लाइन लग गई। लेकिन पता चला कि अस्पताल में केवल 25 किट ही उपलब्ध हैं। इतना सुनने के बाद धूप में लाइन में लगे ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। लोग आरोप लगाने लगे कि सुविधा शुल्क लेकर चहेते लोगों की जांच की जा रही है। इसको लेकर स्वास्थ्य कर्मियों और ग्रामीणों में कई बार झड़प भी हुई। हालांकि झड़प का नतीजा यह रहा आनन फानन में 250 किट की और व्यवस्था कर कुल 275 लोगों की जांच कराई गई तब जाकर मामला शांत हुआ।