जिला अस्पताल के ओपीडी बरामदे में बैठे मरीज और तीमारदार।संवाद
बलिया। वाराणसी में कोविड-19 संक्रमित मरीज मिलने की सूचना के बाद जिले का स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल में संक्रमण की रोकथाम को लेकर सक्रियता बरत रहे हैं। हालांकि अस्पताल की ओपीडी में कोविड नियमों के पालन में लापरवाही देखने को मिली। सर्दी, जुकाम और गले में खराश से पीड़ित कई मरीज बिना मास्क लगाए इलाज कराते नजर आए, जबकि स्वास्थ्यकर्मियों में भी पर्याप्त सतर्कता नहीं दिखी। मौसम में बदलाव के कारण जिला अस्पताल के फिजिशियन वार्ड में प्रतिदिन आने वाले मरीजों में करीब 30 प्रतिशत लोग सर्दी, जुकाम, गले में खराश और सांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित हैं। चिकित्सक मरीजों को दवाओं के साथ संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने और जरूरत पड़ने पर जांच कराने की सलाह दे रहे हैं। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद सिंह ने बताया कि वाराणसी में कोविड संक्रमण मिलने की सूचना मिली है, लेकिन फिलहाल घबराने जैसी स्थिति नहीं है। बताया कि जिले की आरटी-पीसीआर लैब में जांच किट उपलब्ध हैं और सभी चिकित्सकों को निर्देश दिए गए हैं कि कोविड जैसे लक्षण वाले मरीजों की तत्काल जांच कराई जाए।