महाशिवरात्रि को लेकर जनपद के विभिन्न शिवालय सजधज कर तैयार हो गए हैं। मंदिरों की साफ सफाई से लेकर सजावट तक अंतिम दौर में पहुंच गया है। जिले के सेमराधनाथ मंदिर, गोपीगंज स्थित बड़े शिव मंदिर, दुर्गागंज के बूढ़ेनाथ शेरपुर, शिवमंदिर दुर्गागंज, ज्ञानपुर के बाबा हरिहरनाथ, बाबा तिलेश्वरनाथ, हरिहरधाम कुंदौरा आदि शिवालयों पर शिवरात्रि के दृष्टिगत तैयारी पूरी कर ली गई है। इसमें कई शिवालयों से शिव बारात की झांकियां भी निकाली जाएंगी।
ज्ञानपुर नगर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर सजधजकर तैयार है। मंदिर की आकर्षक सजावट की गई है। महाशिवरात्रि पर भांग और धतूरा और दुग्ध से अभिषेक किया जाएगा। जिले के अन्य शिवालायों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। घोसिया संवाददाता के अनुसार, नव युवक मंगल दल घोसिया की ओर से सोमवार को महाशिवरात्रि पर अपराह्न तीन बजे शिव बारात निकाली जाएगी। इसमें लाग विमान और झांकिया भी शामिल रहेंगी। इसी तरह राधे-राधे कमेटी की ओर से माधोसिंह बाजार में भी शिव बारात निकाली जाएगी।
खमरिया संवाददाता के अनुसार, नगर में महाशिवरात्रि पर शिव बारात निकाली जाएगी। आयोजक छेदीलाल केसरवानी ने बताया कि शिव बारात विंध्यवासिनी कार्पेट से पुलिस चौकी, मुख्य बाजार, सब्जीमंडी, मनोकामेश्वर भुजवा शिवाला मंदिर पर खत्म होगा। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष से शिवरात्रि से पूर्व साफ-सफाई की मांग की। सुरियावां संवाददाता के अनुसार, नगर में सोमवार को शिव बारात एवं झांकी निकाली जाएगी। झांकी बैंक आफ बड़ौदा के पास से निकलेगी, जो लागी बाजार से अशोक नगर, पुरानी बाजार होते हुए रामलीला मैदान पर समाप्त होगी। शिव हनुमान सेवा समिति दशरथपुर की ओर से भजन संध्या का आयोजन है। गोपीगंज संवाददाता के अनुसार, बाबा बड़ेशिव धाम सेवा समिति की ओर से महाशिवरात्रि पर शिव बारात एवं झाकियां निकाली जाएगी। शिव बारात बड़े शिव से शुरू होकर काली देवी मोहाल, खडहट्ी मोहाल, जीटी रोड, जोगीबीर, पश्चिम मोहाल, पेट्रोल टंकी, सदर मोहाल, ज्ञानपुर रोड होते हुए बड़े शिव मंदिर पर समाप्त होगा।