सावन के पहले सोमवार को लेकर शिवालय सजकर तैयार हो गए हैं। प्रयाग गंगा जल लेने गई कांवरियों की अड़भंगी टोली बाबा का जलाभिषेक करेगी। सेमराधनाथ धाम में सुरक्षा को लेकर विशेष बंदोबश्त किया गया है। कांवरियों के लिए प्रतिबंधित उत्तरी लेन पर पुलिस सुबह-शाम चक्रमण कर रही है।
महीने भर तक चलने वाले सावन मेले की शुरूआत वैसे तो बृहस्पतिवार को हो गया लेकिन उम्मीद की जा रही शद्धालुओं का सर्वाधिक हुजूम पहले सोमवार को नजर आएगा। तीन दिन पूर्व कांवर में जल लेने के लिए निकले कावंरिया प्रयाग से शिवालयों की ओर रूख कर चुके हैं। सोमवार को भोर से हर-हर बम-बम की गूंज के साथ देवों के देव महादेव का जलाभिषेक करेंगे। ज्ञानपुर के हरिहरनाथ मंदिर, तिलंगा स्थित तिलेश्वरनाथ मंदिर पर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी की तैनाती की गई है। जंगीगंज संवाददाता के अनुसार, काशी प्रयाग और विंध्य के मध्य स्थित सेमराधनाथ धाम पर जलाभिषेक करने के लिए कावंरियों का जत्था रविवार शाम से ही पहुंचने लगा। प्रयाग से जल लेकर आने वाले कावंरिया शाम को मंदिर के आसपास ही रहेंगे। रात में बाटी-चोखा लगाकर विश्राम करेंगे और सुबह गंगा स्नान के बाद जलाभिषेक करेंगे। कावंरियों के लिए प्रतिबंधित जीटी रोड के उत्तरी लेन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद भूषण पांडेय ने कहा कि सावन मेला शासन की प्राथमिकता में शामिल है। कांवरियों की सुरक्षा के लिए पूरी व्यवस्था की गई है। सेमराधनाथ, हरिहरनाथ मंदिर पर महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। बैरिकेडिंग के अंदर से ही लोग जलाभिषेक कर सकेंगे।