ज्ञानपुर। मुख्य ट्रांसफाॅर्मर में शनिवार की रात आठ बजे खराबी आने से लगभग पांच मुहल्लों की बिजली गुल हो गई । जिससे लगभग 10 हजार लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। रात भर गुल रही बिजली के कारण सुबह लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी उठानी पड़ी। सुबह दस बजे बिजली निगम ने 400 केवीए और 250 केवीए के दो मोबाइल ट्रांसफाॅर्मर लगाकर आपूर्ति बहाल कराई।
ज्ञानपुर नगर पंचायत की आबादी 22 हजार के आसपास है। नगर के बीचों में मुखर्जी पार्क, जिला अस्पताल, पुरानी बाजार के साथ-साथ हॉस्टल चौराहे की तरफ शनिवार रात आठ बजे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। पता चला कि नगर में लगे 630 केवीए के ट्रांसफाॅर्मर में तकनीकी खराबी आने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई है। बिजली निगम के कर्मचारी रात में उसे दुरूस्त करने का प्रयास किए, लेकिन सफल नहीं हो पाए। जिससे नगर 10 हजार लोगों को को पूरी रात अंधेरे में गुजारना पड़ी।
सुबह होते ही लोगों को पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ा। वहीं दैनिक कार्यों को लेकर भी लोग परेशान हुए। हालांकि नगर पंचायत की ओर से वैकल्पिक इंतजाम किए गए। वहीं बिजली निगम ने दो मोबाइल ट्रांसफाॅर्मर लगाकर आपूर्ति बहाल कराई। जेई अनिल यादव ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर की तकनीकी खराबी हो दूर कर लिया गया है। सोमवार को उसे लगा दिया जाएगा। फिलहाल 400 व 250 केवीए के दो मोबाइल ट्रांसफाॅर्मर से आपूर्ति की जा रही है।