फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: 15 साल बाद गुलजार होगा ज्ञानपुर रोडवेज स्टैंड, दो बसें चलेंगी

विज्ञापन
विज्ञापन
ज्ञानपुर। 15 साल से वीरान पड़ा जिला मुख्यालय का रोडवेज बस स्टैंड जल्द ही गुलजार होगा। परिवहन निगम शटल सेवा के तहत बसों का संचालन करेगा। इसके लिए बसों के स्टापेज का सर्वे किया जा रहा है।
विज्ञापन

दो से तीन दिनों के अंदर बसों का संचालन किया जाएगा। दोनों बसें दिन में चार चक्कर लगाएंगी। इससे जिले में परिवहन की समस्या का समाधान हो सकेगा। लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से 15 वर्ष पूर्व बनकर तैयार ज्ञानपुर नगर रोडवेज बस स्टैंड लंबे समय से वीरान पड़ा हुआ है।
दुर्गागंज रोड तिराहे के पास रोडवेज बस स्टैंड का लोकार्पण 25 अगस्त 2008 को तत्कालीन मंत्री रामअचल राजभर ने किया था। लोकार्पण के समय करीब 18 बसें उपलब्ध कराकर वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, प्रतापगढ़, जौनपुर, सीतामढ़ी, भदरांव, धनतुलसी, सुरियावां, भदोही वाया दुर्गागंज का रूट तय किया गया था। इसके कुछ ही दिन बाद एक-एक कर सभी बसें यहां से कहां चली गईं, पता नहीं चल सका।
विज्ञापन

बसें चलने से छात्र-छात्राएं, तहसील और जिला मुख्यालय आने-जाने वाले किसान, फरियादियों को काफी सुविधा मिलती थी। इसके अलावा, व्यापारी वर्ग थोक सामान की खरीदारी करने दूसरे जिलों में जाया करते थे। धीरे-धीरे बसों के संचालन पर रोक लगने से स्टेशन वीरान हो गया। यहीं नहीं, परिसर में व्याप्त गंदगी, कर्मचारियों के न रहने से कार्यालय भवन जीर्णशीर्ण स्थिति में पहुंच गया है।
हालांकि परिवहन की समस्या जल्द ही दूर हो सकेगी। सशक्त समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष बैजनाथ यादव की ओर से इस समस्या की शिकायत आरएम कैंट डिपो से की गई थी। इसे संज्ञान में लेकर आरएम कैंट वाराणसी गौरव वर्मा ने दो बसों के संचालन के निर्देश दिए हैं। इसे लेकर परिवहन निगम विभिन्न ग्रामीण रूटों का सर्वे कर रहा है।
सर्वे के बाद शटल सेवा के तहत ग्रामीण इलाकों में बसों का संचालन किया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) कैंट गौरव वर्मा ने बताया कि भदोही में परिवहन की समस्या को जल्द ही दूर किया जाएगा। फिलहाल दो बसें चलवाई जा रही हैं, जो ज्ञानपुर मुख्यालय से होकर चलेंगी और दिनभर में चार चक्कर लगाएंगी। आगामी 31 जनवरी को वह जिले का दौरा भी करेंगे। जहां भदोही और ज्ञानपुर रोडवेज बस स्टैंड का निरीक्षण कर हकीकत को परखेंगे।

शटल सेवा के तहत बसों के संचालन के लिए सर्वे किया जा रहा है। फिलहाल दो बसों का संचालन किया जाएगा। सर्वे के बाद ही रूट तय होगा। इसमें ज्ञानपुर के साथ भदोही स्टेशन को शामिल किया जाएगा। - गौतम कुमार, एआरएम कैंट
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें