शाम तक सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई। शनिवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा।
ज्ञानपुर और सुरियावां ब्लाक में 159 प्रधान और 1955 सदस्य पद के करीब तीन हजार प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला दो लाख 65 हजार मतदाता वोट डालकर करेंगे।
दोनो ब्लाकों में 62 संवेदनशील और 45 अतिसंवेदनशील केंद्रों पर प्रशासन की खास नजर रहेगी।
तीसरे चरण के मतदान को लेकर ज्ञानपुर ब्लाक के गुलाबधर मिश्र इंटर कालेज और सुरियावां के सेवाश्रम इंटर कालेज में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा।
मतदान ड्यूटी में लगे कर्मचारी, अधिकारी बूथों पर पहुंचने से पूर्व अपने सामान सहेजते दिखे। सुबह 10 बजे से पोलिंग पार्टियां रवाना होने लगीं और शाम चार बजे तक ज्यादातर बूथों पर पहुंच गईं।
ज्ञानपुर ब्लॉक में 92 ग्राम प्रधान पदों के लिए 821 प्रत्याशी और 1146 सदस्य पदों के लिए 1288 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ब्लाक में 104 मतदान केंद्र के 285 बूथों पर एक लाख 62 हजार 688 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
ब्लाक क्षेत्र में 30 संवेदनशील और 23 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। सुरियावां ब्लॉक में 67 ग्रामप्रधान पदों के लिए 603 और सदस्य के 809 पदों के लिए 865 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ब्लाक में 77 मतदान केंद्रों के 202 बूथों पर एक लाख तीन हजार मतदाता वोट डालेंगे।
77 मतदान केंद्रों में 32 संवेदनशील और 22 अति संवेदनशील केंद्र चिन्हित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश बिंदु ने कहा कि शांति पूर्वक ढंग से मतदान कराने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।