गोपीगंज नगर में बाइक जागरुकता रैली में शामिल बीएसएफ के जवान। संवाद
- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज। आजादी के 75 वर्षगांठ और अमृत महोत्सव अंतर्गत निकाली गई बुलेट जागरूकता रैली सात राज्यों में देशभक्ति का जुनून पैदा करने में सफल होगी। यह बात सोमवार को 34 सदस्यीय महिला-पुरुष सीमा प्रहरियों के साथ पहुंचे 172वीं वाहिनी शिलांग के कमांडेंट संजय कुमार शर्मा ने कही।
नगरवासियों ने पड़ाव स्थित पं. गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज परिसर में सीमा प्रहरियों का भव्य स्वागत कर सलाम किया। महिला प्रहरी सीमा भवानी ने बताया कि एक सितंबर को आईजी इंद्रजीत सिंह राणा ने बुलेट जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। 17 पुरुष और 17 महिला सीमा प्रहरी दुर्गम मेघालय की पहाड़ियों से 11 दिन में वाराणसी पहुंचे। 12वें दिन प्रयागराज की ओर रवाना होने पर जो सम्मान मिल रहा है इससे यह साबित होने लगा है कि सीमा प्रहरियों की यात्रा सात राज्य ही नहीं बल्कि विश्व पटल को तय कर सकती है।
जागरूकता जुलूस का मुख्य उद्देश्य यह है कि जब तक देशभक्तों में देशभक्ति की भावना नहीं जागेगी तब तक सीमा प्रहरी सुरक्षित नहीं रह पाएंगे। देशभक्ति का जुनून जागने पर बड़ी से बड़ी ताकतों का सामना करने की शक्ति जग जाएगी। शिक्षणेत्तर कर्मियों ने सीमा प्रहरियों को माला पहनाकर देशभक्ति को नमन किया। टीम कैप्टन अवधेश सिंह ने कहा कि रास्ते में स्कूल, कॉलेज, एनसीसी आदि स्थानों के बच्चों को भी देशभक्ति के लिए प्रेरित करने का काम जारी रहेगा। इस मौके पर मनोज कुमार पांडेय, मार्कंडेय पांडेय, संतोष मिश्रा, मंजीत सिंह, योगेंद्र प्रसाद, मातेश्वरी प्रसाद तिवारी, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, प्रीति तिवारी, भगवत चौबे, विश्वजीत भाटिया, सोनिया, बनवारी आदि रहे।