दिन भर रूक-रूकर हुई बारिश से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा, हालांकि बारिश ने किसानों के चेहरों पर रौनक ला दिया है। गर्मी और धूप से सूख रही नर्सरी बारिश से हरी-भरी नजर आने लगी।
तीन दिन पूर्व ही मानसून ने दस्तक दे दिया है। पहले दिन हल्की बूंदाबांदी के बाद दो दिनों तक आसमान सूखा ही रहा। रविवार सुबह सात बजे रिमझिम फुहारों के बीच शुरू हुई बारिश सुबह नौ बजते-बजते झमाझम बरसने लगी। उसके बाद दिन भर बारिश का दौर चलता रहा।
रूक-रूककर हो रही बारिश से कई प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह पानी भर गया। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर गड्ढायुक्त सड़कों का अनुमान न लगाने पर दुपहिया सवार लोग उसी में फंस गए। कई मोहल्लों में जलजमाव होने से लोगों को मुश्किलें उठानी पड़ी। बारिश से करीब तीन महीने से विकट गर्मी और लू से खेतों में उड़ रही धूल भी खत्म हो गई। किसान अब खेतों की जुताई की ओर नजर गड़ाए हुए हैं। जिससे आने वाले दिनों में बारिश होते ही धान की रोपाई शुरू कर देंगे। बारिश से मौसम खुशगवार हो गया है, हवा चलने से लोगों का ठंड का एहसान भी होने लगा है। मोढ़ संवाददाता के अनुसार, रविवार को दिन भर हुई बारिश से स्टेशन रोड के पूर्वी छोर बाजार में तीन फीट तक पानी लग गया है। करियावं मार्ग, पुलिस चौकी, चकचंदा मार्ग, भिखारीरामपुर में जलजमाव होने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही है। इसी तरह महराजगंज, गोपीगंज, औराई, जंगीगंज, सुरियावां समेत अन्य इलाकों में बारिश से जलजमाव हो गया है।