बाबा बड़े शिव का हुआ भव्य श्रृंगार। संवाद
गोपीगंज। शरद पूर्णिमा की रात गोपीगंज नगर व ग्रामीण क्षेत्र में महादेव का भव्य शृंगार किया गया। देवाधिदेव महादेव के अलौकिक स्वरूप का दर्शन कर भक्त विह्वल हो गए। दर्शन पूजन के लिए जुटी भीड़ के जयघोष से मंदिर परिसर देर रात तक गुंजायमान होता रहा। गोपीगंज के बाबा बड़े शिव धाम में सुगंधित पुष्पों व पंच द्रव्य से महादेव का भव्य शृंगार हुआ। इसके बाद देर शाम तक दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा। आरती-पूजन के दौरान भक्तों से भरा परिसर हर-हर बम-बम से गूंज उठा। शंख व करतल ध्वनि के बीच पुजारी ने महा आरती की। इस मौके पर सुरेंद्र साहू, जितेंद्र गुप्ता, दीपक तिवारी, किशन दुबे, प्रदीप कुमार जायसवाल, दीपक मोदनवाल, शिव अग्रहरि, संजय जायसवाल, बाबा जायसवाल आदि रहे।