ज्ञानपुर/गोपीगंज। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से मंगलवार को गुलाबधर मिश्र इंटर कालेज मैदान गोपीगंज में धन्यवाद ज्ञापन महारैली का आयोजन हुआ।सरकार की ओर से गोंड समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने को लेकर आयोजित इस महारैली में बड़ी संख्या में गोंड समुदाय के लोग उपस्थित हुए। मुख्यअतिथि केंद्रीय इस्पात, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने समाज के महापुरुषों का माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में काबिज डबल इंजन की सरकार सबका साथ-सबका विकास सोच रखकर कार्य कर रही है। दशक पूर्व से गोंड समाज को अनुसूचित जनजाति प्रमाणपत्र की मांग को अंत्योदय की धारणा से पारित कर भदोही समेत चार जिलों में जारी करने का शासनादेश चहुंमुखी विकास संकेतक है।
उन्होंने महान भारतीय स्वतंत्रता सेनानी रानी लक्ष्मीबाई की सेना में महिला शाखा दुर्गा दल की सेनापति अमर शहीद वीरांगना रानी झलकारी बाई की पुण्यतिथि पर नमन किया। बताया कि अहिंसा ही सबसे बड़ा धर्म है, जो सबके कल्याण की कामना करता है, वास्तव में वहीं उत्कृष्ट समाज का असली निर्माता होता है। इस दौरान जिलाधिकारी गौरांग राठी, पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने जिले में केंद्रीय इस्पात, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, सुनील मिश्रा, मोर्चा जिलाध्यक्ष मुकेश गोंड, मंडल अध्यक्ष किशन गोंड, सूर्यकुमार, मुन्ना सरदार, संतोष कुमार, बनारसी, बलराम, सुनील, लवकुश, रामजी, राजकुमार, प्रदीप, राधेश्याम, अजीत, बेचन समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान लोक कलाकारों ने बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को जागरूक करने का भी कार्य किया। लोक कलाकार राजेश परदेशी ने यातायात जागरूकता के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर उपस्थित जनसमुदाय को गीतों के माध्यम से जागरूक करने का कार्य किया। उनके गीतों में जहां सामाजिक समरसता के संदेश दिखा। वहीं नियमों की अवहेलना पर होने वाले नुकसान को गीतों के माध्यम से सबसे सामने रखा। जिससे लोग झूम उठे।