गोपीगंज। गोपीगंज नगर के आधा दर्जन बाजार बुधवार को भीषण जाम में जकड़े रहे। सदर मोहाल, खरहट्टी मोहाल और अंजही मोहाल में तो पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। जबकि 11 से लेकर दोपहर बाद तीन बजे तक वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। इस दौरान पुलिस का कहीं अता-पता नहीं था।
गोपीगंज नगर में जिले के अन्य कस्बों और गांवों के अलावा पड़ोसी जनपद मिर्जापुर, वाराणसी और प्रयागराज के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। वाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग पर गोपीगंज प्रमुख बाजार होने के कारण यहां की सड़कें देर रात तक व्यस्त रहती हैं। बाजार में अतिक्रमण की समस्या पहले से ही है। नगर क बाजारों में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक है, लेकिन सामान लादने और अन्य कारणों से अक्सर बड़े वाहन बाजारों में प्रवेश कर जाते हैं। बुधवार को खरहट्टी मोहाल में बड़े वाहनों के प्रवेश कर जाने के कारण संकरी रोड पर आवागमन अवरुद्ध हो गया। देखते ही देखते जाम लग गया। यह जाम सदर और अंजही मोहाल तक पहुंच गया।
दिन के 11 बजे के आसपास शुरू हुआ जाम दोपहर बाद तीन बजे तक बाजारों को इस कदर जकड़े रहा कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। तीन बजे के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ। शाम पांच बजे के आसपास फिर जाम लग गया। जाम में फंसे रामपुर घाट निवासी रामबरन, अमिलहरा के सुखईराम, बिरनई के रामदुलार ने कहा कि जिले का प्रमुख व्यापारिक नगर जाम की समस्या से मुक्त नहीं हो पा रहा। घंटे भर से वाहन लेकर जाम में फंसे हैं। गौरतलब है कि राजमार्ग चौराहे से ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन और रामपुर घाट को जोड़ने वाले मार्ग पर भारी अतिक्रमण है। चौराहे-तिराहे पर तैनात पुलिस की लापरवाही से बड़े वाहन बाजार मार्ग पर पहुंच जाते हैं। सुबह से शाम तक ठेला चालक, वाहन चालक सामान इधर-उधर पहुंचाकर जीविकोपार्जन करते हैं। यातायात निरीक्षक शशिकांत ने कहा कि नो इंट्री में बड़े वाहनों का प्रवेश गलत है। शीघ्र अभियान चलाकर यातायात के नियमों को तोड़ रहे वाहन चालकों, दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।