ज्ञानपुर। जंगीगंज-धनतुलसी मार्ग से गोलखरा ब्राह्मण बस्ती जाने वाली सड़क का नवीनीकरण किया जाएगा। 1700 मीटर लंबे मार्ग का नवीनीकरण 23.52 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। यह संपर्क मार्ग चार बस्तियों को जोड़ता है। स्वीकृति मिलने पर लोक निर्माण विभाग ने निविदा जारी कर दी है। जिले की 546 ग्राम पंचायतों और सात नगर निकायों में करीब 2500 किमी सड़कों का जाल फैला है। लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जिला पंचायत के साथ नगर पंचायत, मंडी समिति मार्गों की निगरानी करती है। इसमें सभी निर्माण कार्य का नोडल लोक निर्माण विभाग होता है। हर साल सड़कों के नवीनीकरण, मरम्मतीकरण, गड्ढामुक्त अभियान में करोड़ों रुपये खर्च होते हैं। इस दौरान जरूरत के हिसाब से कुछ सड़कें चौड़ी की जाती हैं। मुख्य सड़कों पर हर साल ध्यान दिया जाता है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें खराब ही रह जाती हैं। अब जंगीगंज-धनतुलसी से गोलखरा ब्राह्मण बस्ती जाने वाले डेढ़ किमी जर्जर मार्ग के दिन बहुरेंगे। ग्रामीणों की मांग पर छह महीने पूर्व विभाग की तरफ से प्रस्ताव भेजा गया था। शासन से 23.52 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। पीडब्ल्यूडी से निविदा प्रकिया पूरी होेने पर नवीनीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। इससे आवागमन सुगम होगा। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुभाष चंद्र मौर्या ने बताया कि मार्ग के नवीनीकरण के लिए शासन से स्वीकृति मिली है। जल्द ही निविदा प्रकिया पूरी कर कार्य शुरू किया जाएगा।